टी-20 विश्व कप से पहले फॉर्म में लौट आऊंगा: सूर्यकुमार यादव

मुम्बई 20 दिसंबर (वार्ता) भारतीय टी-20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी फॉर्म को लेकर कहा है कि मुझे पता कहां गलतियां हो रही हैं। मेरे पास इस पर काम करने के लिए समय है और मैं टी-20 विश्वकप शुरु होने से पहले इससे उबर जाऊंगा।

सूर्यकुमार यादव ने एक वर्ष से अधिक समय से नंबर तीन और चार पर बल्लेाजी करते हुए 22 पारियों में मात्र 12.84 की औसत से रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 117.87 रहा है, जिसमें कोई अर्धशतक नहीं है। उन्होंने हाल ही में घर पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज 12, 5, 12 और पांच के स्कोर के साथ खत्म की और अब भारत के टी-20 विश्व कप में अपने खिताब का बचाव करने से पहले रन बनाने के लिए उनके पास केवल पांच मैच बचे हैं।

आज यहां मुंबई में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मुख्यालय में, जहा भारत ने टी-20 विश्व कप के लिए अपनी टीम की घोषणा की, सूर्यकुमार ने मुस्कुराते हुए कहा, “यह वाला पैच थोड़ा लंबा हो गया है। मुझे यकीन है कि सभी ने अपने करियर में ऐसा देखा होगा। मैं भी कभी न कभी इससे उबर जाऊंगा। मुझे पता है कि क्या करना है, मुझे पता है कि कहां गलतियां हो रही हैं। मेरे पास इस पर काम करने के लिए कुछ समय है। हमारे पास न्यूजीलैंड सीरीज आने वाली है और फिर महत्वपूर्ण टी-20 विश्व कप भी है। आप निश्चित रूप से देखेंगे कि सूर्या वापस आ गया है।”

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अपनी लय वापस पाने के लिए अपनी बल्लेबाजी के पुराने वीडियो देखते हैं, तो सूर्यकुमार ने कहा, “मैं पिछले तीन महीनों से उन्हें देख रहा हूं (हंसते हुए)। जाहिर है, आप अपने पुराने वीडियो देखते हैं जहां आपने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की थी और आपने भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन किया था। और आप उसी चीज को दोहराने की कोशिश करते हैं। लेकिन हां, मैं कोशिश कर रहा हूं, मैं नेट्स में बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहा हूं। वही बात… यह एक छोटी सी रुकावट है। यह दिखती नहीं है – मैं इसे देख नहीं सकता – लेकिन मैं इससे उबर जाऊँगा, मुझे यकीन है।”
जब अजीत अगरकर की अगुवाई वाली भारत की चयन समिति शनिवार अपराह्न टी-20 विश्व कप टीम चुनने के लिए मुंबई में इकट्ठा हुई, तो उन्हें पता था कि कप्तान और उप-कप्तान शुभमन गिल दोनों ही हाल के दिनों में इस प्रारुप में रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे है। गिल ने टी-20 में 18 पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं बनाया था, और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनके स्कोर 28, शून्य और चार रन था। हालांकि चयनकर्ताओं ने सूर्यकुमार का साथ देते हुए उम्मीद जताई कि टी-20 विश्व कप आने तक वह अपनी फॉर्म वापस पा लेंगे, लेकिन उन्होंने गिल को 15 खिलाड़ियों की टीम से बाहर कर दिया।

अजीत अगरकर ने कहा, “उनकी (सूर्यकुमार की) फॉर्म के बारे में, देखिए, पिछले कुछ सालों में वह दुनिया के नंबर वन टी-20 बल्लेबाज रहे हैं, तो हम जानते हैं कि वह क्या कर सकते हैं। उन्हें पता है कि उन्हें क्या करना है। और उम्मीद है, विश्व कप तक, वह फिर से दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज होंगे।”

 

 

 

Next Post

विश्व स्तरीय भारतीय धावक तैयार करने के लिए और लंबी दूरी की ज्यादा प्रतियोगिताओं की आवश्यकता : रुपिंदर सिंह

Sat Dec 20 , 2025
नयी दिल्ली, 20 दिसंबर (वार्ता) विश्व स्तरीय भारतीय धावक तैयार करने के लिए अनुशासन के साथ लंबी दूरी की अधिक प्रतियोगिताओं की आवश्यकता है। भारत में लंबी दूरी की दौड़ का आयोजन बहुत कम होता है, जिसके बिना न तो प्रतिभा में निखार आता है और न ही हमारे एथलीटों […]

You May Like