
भोपाल। राजधानी भोपाल में मेट्रो सेवा के शुभारंभ के साथ ही नगरीय परिवहन के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर, राज्य के नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मेट्रो संचालन के पहले ही दिन सुभाष नगर स्टेशन से एम्स स्टेशन तक मेट्रो ट्रेन में सफर किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भोपाल मेट्रो आम नागरिकों को तेज, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगी। यह परियोजना राजधानी की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ ही प्रदूषण और ट्रैफिक दबाव कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इसे केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग का सफल उदाहरण बताते हुए कहा कि मेट्रो शहरों के समग्र विकास की रीढ़ बन रही है।
मेट्रो यात्रा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कोच की आधुनिक सुविधाओं, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। सुभाष नगर से एम्स स्टेशन तक के इस सफर में मेट्रो की रफ्तार, आरामदायक कोच और समयबद्ध संचालन ने सभी को प्रभावित किया। अधिकारियों ने मेट्रो परियोजना की प्रगति और भविष्य की विस्तार योजनाओं की जानकारी भी दी।
पहले दिन की इस प्रतीकात्मक यात्रा ने आम नागरिकों के लिए मेट्रो सेवा को लेकर उत्साह बढ़ाया है। भोपाल मेट्रो को राजधानी के विकास और 2047 के विजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
