
अशरफ अली भोपाल। राजधानी भोपाल के लिए शनिवार की शाम ऐतिहासिक बन गई, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन पर भोपाल मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही भोपाल में आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन के एक नए युग की शुरुआत हो गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मेट्रो परियोजना भोपाल के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल यातायात व्यवस्था सुगम होगी, बल्कि प्रदूषण में कमी आएगी और आम नागरिकों का समय भी बचेगा। उन्होंने इसे न्यू भोपाल की नींव बताते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में मेट्रो शहर की जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनेगी।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से भोपाल जैसे ऐतिहासिक शहर को आधुनिक शहरी परिवहन सुविधा मिली है। मेट्रो परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शहरी विकास और स्मार्ट सिटी विजन को साकार करने का उदाहरण है।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। मेट्रो के शुभारंभ से शहरवासियों में उत्साह देखने को मिला। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मेट्रो का विस्तार होने से भोपाल की यातायात तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।
