आईएफएफके अवार्ड का ऐलान, जापान की ‘टू सीजन्स, टू स्ट्रेंजर्स’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म और अब्दर्रहमान सिसाको को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार

तिरुवनंतपुरम, (वार्ता) केरल के 30वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफके ) का शुक्रवार को समापन हो गया। इस महोत्सव में जापानी फिल्म ‘टू सीजन्स, टू स्ट्रेंजर्स’ ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म का प्रतिष्ठित ‘सुवर्ण चकोरम’ (गोल्डन क्रो फीजेंट अवार्ड) अपने नाम किया।

यहां के निशिगांधी सभागार में आयोजित समापन समारोह में निर्देशक शो मियाके की इस फिल्म को पुरस्कार स्वरूप ट्रॉफी और 20 लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। योशिहारु सुगे के मंगा (जापानी कॉमिक्स) पर आधारित यह फिल्म एक पटकथा लेखक की दो ऋतुओं के बीच की भावनात्मक यात्रा को दर्शाती है। जूरी ने मानवीय रिश्तों, अकेलेपन और समकालीन जीवन के संवेदनशील चित्रण के लिए फिल्म की प्रशंसा की।

अन्य प्रमुख पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का ‘रजत चकोरम’ संयुक्त रूप से कैरिना पियाज़ा और लूसिया ब्रेसलिस को उनकी फिल्म ‘बिफोर द बॉडी’ के लिए दिया गया। वहीं, तनुश्री दास और सौम्यनंदा साही को फिल्म ‘शैडोबॉक्स’ के लिए सर्वश्रेष्ठ नवागंतुक निर्देशक का ‘रजत चकोरम’ और सर्वश्रेष्ठ नवागंतुक भारतीय निर्देशक का ‘के.आर. मोहनन पुरस्कार’ प्रदान किया गया।

महोत्सव में संजू सुरेंद्रन द्वारा निर्देशित ‘खिड़की गांव’ को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का ‘फिप्रेशकी’ पुरस्कार मिला। उन्नीकृष्णन आवला की फिल्म ‘थंथापेरु’ (लाइफ ऑफ ए फैलस) को विशेष जूरी पुरस्कार और सबसे लोकप्रिय फिल्म का ‘ऑडियंस पोल’ पुरस्कार दिया गया। फाजिल रजाक को फिल्म ‘मोहम’ के लिए सर्वश्रेष्ठ नवागंतुक मलयालम निर्देशक का पुरस्कार मिला, जबकि ‘सिनेमा जजीरा’ को सर्वश्रेष्ठ एशियाई फिल्म चुना गया।

समारोह में प्रसिद्ध फिल्म निर्माता अब्दर्रहमान सिसाको को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने उन्हें 10 लाख रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र भेंट किया। इस अवसर पर सिसाको ने केरल के साथ अपने पुराने संबंधों को याद किया और भारत-अफ्रीका के बीच सांस्कृतिक संबंधों पर जोर दिया। अभिनेत्री तिलोत्तमा शोम को फिल्म ‘शैडोबॉक्स’ में उनके अभिनय के लिए विशेष जूरी उल्लेख मिला।

 

 

Next Post

तमिलनाडु में ड्राफ्ट मतदाता सूची से करीब एक करोड़ मतदाता हटाए गए

Sat Dec 20 , 2025
चेन्नई, (वार्ता) तमिलनाडु में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची से लगभग एक करोड़ नाम हटा दिए गए हैं। राजधानी चेन्नई में 14.25 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। जारी आंकड़ों के अनुसार एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मौजूदा मतदाता सूची से कुल 97 लाख से […]

You May Like