इंदौर: नगद निगम के वार्ड 82 में आज 20 करोड़ की लागत से विकास कार्यों का महापौर ने भूमिपूजन किया. इसके तहत अमृत योजना में ड्रेनेज लाइन और सेंट्रल रोड डिवाइडर का निर्माण किया जाएगा.जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि आज महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं विधायक मालिनी गौड ने सुदामा नगर डी एवं ई सेक्टर में लगभग 20 करोड़ की लागत से नवीन ड्रेनेज पाइप लाइन बिछाने तथा फूटी कोठी चौराहे से हवा बंगला तक 84 लाख रुपए की लागत से सेंट्रल रोड डिवाइडर निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया. कार्यक्रम में पार्षद नितिन शर्मा (शानु), महापौर प्रतिनिधि भरत पारख सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकगण उपस्थित थे.
जलभराव की स्थिति समाप्त होगी
इस मौके पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि नगर निगम शहर के विकास में अमृत प्रोजेक्ट 2.0 के माध्यम से आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ कर रहा है. पाइप लाइन बिछाने के बाद जल निकासी की समस्या का स्थाई समाधान होगा. साथ ही बारिश में जलभराव की स्थिति समाप्त होगी. वहीं सेंट्रल रोड डिवाइडर के निर्माण से यातायात व्यवस्था सुगम होकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी.
