सुष्मिता सेन ने मिस यूनिवर्स बनने के 32 साल पूरे होने पर खास पोस्ट शेयर कर फैंस और फिलीपींस के लोगों का आभार जताया। सुष्मिता की भावुक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
एक्ट्रेस सुष्मिता सेन ने गुरुवार के दिन ही मिस यूनिवर्स का ऐतिहासिक ताज अपने नाम कर भारत का नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज करवाया था। इस गौरवशाली पल को 32 साल पूरे हो चुके हैं। इस खास मौके पर एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया के जरिए सभी का आभार जताया। एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह बस में बैठकर विमान की ओर जाते हुए अपनी आइकॉनिक मुस्कान फ्लॉन्ट करती नजर आ रही हैं।
एक्ट्रेस ने तस्वीर पोस्ट कर लिखा कि पिछले 32 सालों से जो मुस्कान मेरे चेहरे पर बनी हुई है, उसके लिए मैं दिल से आभारी हूं। मुझे ये एहसास कि मैं सच में बहुत खुशकिस्मत और आशीर्वादित हूं। इस खुशी की वजह आप सभी हैं। मेरे मिस यूनिवर्स बनने के 32 साल पूरे होने की शुभकामनाएं। फिलीपींस, मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं और वहां से मिला प्यार हमेशा मेरे दिल में खास रहेगा। आप सभी को मैं दिल से बेहद प्यार करती हूं।
सुष्मिता सेन ने जीता मिस इंडिया का ताज
बता दें कि एक्ट्रेस ने मिस इंडिया 1994 प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था, जहां ऐश्वर्या राय भी एक मजबूत प्रतियोगी थीं। सुष्मिता ने मिस इंडिया का ताज जीता और उन्हें मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता के लिए भेजा गया जबकि ऐश्वर्या राय को मिस वर्ल्ड पेजेंट के लिए भेजा गया। संयोग से, दोनों ही सुंदरियों ने अपने-अपने वैश्विक खिताब जीते। एक्ट्रेस ने भले ही कम फिल्मों में काम किया हो लेकिन जब भी वे स्क्रीन पर उतरती हैं, तो अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में गहरी छाप छोड़ी है।
सुष्मिता सेन की फिल्में
सुष्मिता सेन ने फिलीपींस में मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया और 77 देशों की सुंदरियों को पछाड़कर यह खिताब अपने नाम किया। इसके बाद एक्ट्रेस ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत महेश भट्ट की फिल्म ‘दस्तक’ से की थी। हालांकि, उन्हें डेविड धवन की कॉमेडी फिल्म बीवी नंबर 1 से बड़ी सफलता मिली, जिसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक एक्ट्रेस का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। इसके बाद उन्होंने आंखें, मैं हूं ना और मैंने प्यार क्यों किया जैसी हिट फिल्मों में काम किया।
