गांधी मैदान में ‘विवेक’ का जलवा, अमर ज्योति इटारसी ने रामपुर को 7-0 से रौंदा

इटारसी। अखिल भारतीय महात्मा गांधी स्मृति हॉकी प्रतियोगिता का पांचवां दिन पूरी तरह से ‘होम बॉय’ ओलंपियन विवेक सागर के नाम रहा। भारतीय टीम के उपकप्तान विवेक सागर जैसे ही अपने स्थानीय क्लब ‘अमर ज्योति’ की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरे, दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया। उनकी मौजूदगी में इटारसी की टीम ने रामपुर उत्तरप्रदेश को 7-0 के भारी अंतर से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में अपनी धाक जमा दी।

विवेक और साथियों ने दागे गोल

दिन के अंतिम और सबसे प्रतीक्षित मुकाबले में अमर ज्योति क्लब इटारसी ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया। विवेक सागर की कप्तानी और मार्गदर्शन में मयंक जेम्स, अंकित, शान गिडियन और प्रदीप ने एक के बाद एक गोल दागकर रामपुर की रक्षापंक्ति को ध्वस्त कर दिया। विवेक सागर को अपने बीच पाकर न केवल स्थानीय खिलाड़ी रोमांचित थे, बल्कि दर्शकों ने भी हर पास और गोल पर जमकर तालियां बजाईं।

दिन के अन्य मुकाबलों के नतीजे

साउथ-ईस्ट-सेंट्रल रेलवे बिलासपुर का दबदबा : पहले मैच में रेलवे बिलासपुर ने सैफई उत्तप्रदेश को 6-0 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की।

रोमांचक शूट-आउट : दूसरे मैच में एनसीआर प्रयागराज और राजनांदगांव के बीच कांटे की टक्कर रही। निर्धारित समय तक मैच 3-3 की बराबरी पर था, लेकिन पेनाल्टी शूट-आउट में प्रयागराज ने 3-1 से बाजी मार ली।

पानपोस की जीत : तीसरे मैच में पानपोस राउरकेला ओडिशा ने कड़े संघर्ष के बाद साई बरेली को 1-0 से मात दी।

अतिथियों ने किया खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन

मैच के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में नर्मदापुरम के पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा ए.एस. थोटा, विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, प्रांतीय संगठन मंत्री सुरेन्द्र सोलंकी और नपा अध्यक्ष पंकज चौरे मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया और विवेक सागर जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी की स्थानीय टूर्नामेंट में भागीदारी की सराहना की।

इस अवसर पर एसडीओपी वीरेन्द्र मिश्रा, टीआई गौरव बुंदेला, आयोजन समिति अध्यक्ष राहुल चौरे, स्वागत अध्यक्ष शैलेन्द्र दुबे सहित भारी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे। आयोजन समिति ने बताया कि विवेक सागर की सहभागिता ने इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की गरिमा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है।

 

 

 

Next Post

लॉज मेें बिगड़ी तबियत, अस्पताल में मौत

Fri Dec 19 , 2025
जबलपुर: खितौला थाना अंतर्गत असाटी लॉज में रूके एक युवक की गुरूवार को अचानक तबियत बिगड़ गई जिसे तत्काल उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सिहोरा ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक सोनू कोष्टी 30 वर्ष निवासी गोहलपुर को खितौला स्थित असाटी लॉज के कर्मचारी आकाश […]

You May Like