शिवपुरी:जिले के करेरा थाना क्षेत्र के खड़पुरा गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर पर फायरिंग कर दहशत फैलाई। इस दौरान आंगन में खड़ी एक बाइक को भी लाठियों से पीटकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। खड़पुरा गांव के शिवा यादव और बृजेंद्र यादव के बीच बाइक की कटबाजी को लेकर विवाद चल रहा था। यह विवाद झगड़े में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों के परिवार के सदस्य भी शामिल हो गए और उनके बीच मारपीट हुई।
शिवा यादव की शिकायत पर करेरा थाना पुलिस ने बृजेंद्र यादव, प्रिंस यादव और अजब सिंह यादव के खिलाफ मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी। फायरिंग को लेकर बृजेंद्र यादव के पिता जाहर सिंह यादव ने आरोप लगाया है कि जब वह अपने बेटे के साथ एफआईआर दर्ज कराने थाने गए थे, उसी दौरान शिवा यादव, अंशुल और गोलू यादव कुछ अज्ञात लोगों के साथ बंदूकें और लाठियां लेकर उनके घर पहुंचे।उस समय घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं। जाहर सिंह का आरोप है कि हमलावरों ने करीब 15 राउंड फायर किए, पत्थर फेंके और आंगन में खड़ी बाइक में तोड़फोड़ की।
