ग्वालियर: ग्वालियर के आकाशवाणी रोड स्थित केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 में अध्ययनरत कक्षा 11वीं की एक छात्रा ने विद्यालय के भूगोल शिक्षक पर छेड़छाड़ और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित छात्रा का आरोप है कि भूगोल विषय पढ़ाने वाले शिक्षक आर.के. मीणा लगातार उससे व्यक्तिगत बातचीत करने का दबाव बना रहे थे। जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो शिक्षक द्वारा उसे बदनाम करने की बातें कही जाने लगीं। छात्रा ने काफी समय तक शिक्षक की इन हरकतों को नजरअंदाज किया, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर उसने अपने परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी।
इसके बाद छात्रा और उसके परिजनों ने विद्यालय के प्राचार्य से शिकायत की, लेकिन परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्राचार्य ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे निराश होकर परिजन छात्रा को लेकर पड़ाव थाना पहुंचे, जहां शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शिक्षक के खिलाफ केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से अब तक किसी कार्रवाई की पुष्टि नहीं हो सकी है
