
छतरपुर। शहर में कक्षा छठवीं में पढ़ने वाली छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। महर्षि विद्या मंदिर स्कूल की छात्रा काव्या गुप्ता की मौत से परिवार में मातम छा गया। बच्ची की अचानक मौत की खबर से स्कूल प्रबंधन, शिक्षक और सहपाठी भी स्तब्ध हैं।
जानकारी के अनुसार काव्या की तबीयत अचानक बिगड़ी थी। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ट्रॉमा वार्ड में चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। डॉक्टरों ने बच्ची को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार बच्ची को अचानक सीने में तकलीफ हुई और वह अचेत हो गई थी। इसके बाद प्रारंभिक तौर पर कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इतनी कम उम्र में मौत का वास्तविक चिकित्सीय कारण क्या रहा, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। स्कूल में भी छात्रा की असामयिक मौत से गम का माहौल है। चिकित्सीय जांच और अन्य प्रक्रिया के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
