भुवनेश्वर, 01 नवंबर (वार्ता) ओडिशा सतर्कता विभाग ने रविवार को छत्रपुर स्थित उप-कलेक्टर कार्यालय के एक पूर्व वरिष्ठ राजस्व सहायक (एसआए) को गिरफ्तार किया। उन पर रेड क्रॉस कोष के लिए जमा की गई 8.63 लाख रुपये की राशि को निर्धारित बैंक खाते में जमा करने के बजाय कहीं और इस्तेमाल करके हड़पने का आरोप है। आरोपी सदाशिब प्रधान (जो दिसंबर 2023 से अगस्त 2025 के बीच कार्यालय के ‘निजारत सेक्शन’ के प्रभारी थे) पर आरोप है कि उन्होंने आधिकारिक रसीद बुक जारी करके 8,63,200 रुपये जमा किए, लेकिन इस रकम को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की छत्रपुर शाखा में स्थित रेड क्रॉस कोष खाते में जमा नहीं किया। सतर्कता विभाग के अनुसार, उन्होंने अपने निजी फायदे के लिए पूरी रकम हड़प ली।
यह धोखाधड़ी तब सामने आई जब ‘निजारत सेक्शन’ में सरकारी राशि जमा न करने जैसी वित्तीय अनियमितताओं की जांच की गई।
वर्तमान में वह गंजाम जिले के सुराडा तहसील कार्यालय में तैनात हैं। प्रधान के खिलाफ ‘भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018’ और ‘भारतीय न्याय संहिता’ (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्हें बेरहामपुर स्थित सतर्कता के विशेष न्यायाधीश की अदालत में पेश किया जा रहा है।
