
सिंगरौली । जिले की शिक्षा व्यवस्था में सुधार और विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को डीईओ दफ्तर पहुंचकर जमकर हुंकार भरी। छात्रों ने डीईओ कविता त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपते हुए विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि सात दिवस के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन को उग्र रूप देने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन सौंपने पहुंचे एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिले के कई विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों की सुविधाओं को लेकर गंभीर स्थिति बनी हुई है। अधिकारियों द्वारा समय-समय पर विद्यालयों का निरीक्षण नहीं किए जाने के कारण व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हो पा रहा है।
छात्रों का आरोप था कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शासन की ओर से भ्रमण के लिए वाहन और चालक उपलब्ध कराए गए हैं, इसके बावजूद विद्यालयों का नियमित निरीक्षण नहीं किया जाता। वहीं एबीवीपी छात्रों ने कचनी विद्यालय से संबंधित वायरल वीडियो के मामले को भी प्रमुखता से उठाया। छात्रों का कहना था कि वायरल वीडियो के आधार पर विद्यालय के प्राचार्य द्वारा विद्यार्थियों पर कार्रवाई की गई है, जबकि पूरे मामले में केवल छात्रों को दोषी ठहराना उचित नहीं है। छात्रों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की।
