
मंडला। मोंटफोर्ट विद्यालय में शनिवार से दो दिवसीय संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में सात जिलों से आए लगभग 200 प्रतिभागी शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर सोमेश मिश्रा थे। दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ आयोजन की शुरुआत हुई। संस्था प्रमुख ब्रदर बिनु चेरियन ने मुख्य अतिथि का स्वागत पौधा, मोमेंटो और शाल भेंटकर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का दिल जीत लिया।
मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि “शतरंज केवल खेल नहीं बल्कि मानसिक व बौद्धिक विकास का माध्यम है। हार-जीत जीवन का हिस्सा है, इसे सहजता से स्वीकार करना चाहिए। यह खेल धैर्य और निर्णय क्षमता को विकसित करता है।” इसके बाद उन्होंने शतरंज की एक चाल चलकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नीबाई वरकड़े, कांधीलाल मरकाम, निर्मला स्कूल की प्राचार्य, भारत ज्योति स्कूल के प्राचार्य सी. वी. जोसेफ, डॉ. उपेंद्र शुक्ला, संजय तिवारी, मुकेश पांडे एवं जिला खेल अधिकारी विकास खराड़कर सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
