
विदिशा। शहर में उस समय सनसनी फैल गई जब क्रिकेट खेल रहे बच्चों की गेंद एक मकान के अंदर चली गई और उसे लेने पहुंचे बच्चों को वहां एक युवक की लाश दिखाई दी। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान करीब 35 वर्षीय फिरोज खान पुत्र हबीब खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि फिरोज खान की मौत नशे के ओवरडोज के कारण हुई है। शव लगभग 3 से 4 दिन पुराना बताया जा रहा है, जो पूरी तरह अकड़ चुका था और उसमें से तेज बदबू आ रही थी।
स्थानीय निवासी मुआज कामिल ने बताया कि फिरोज खान अक्सर बाहर रहते थे, जिससे परिजन भी उनकी ज्यादा चिंता नहीं करते थे। उन्हें आखिरी बार मंगलवार को इलाके में देखा गया था।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। ईद के चलते देर रात शव का अंतिम संस्कार किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
वहीं कोतवाली थाना प्रभारी आनंद राज ने बताया कि मुगल टोला निवासी करीब 35 वर्षीय फिरोज खान पुत्र हबीब खान की बॉडी मिली है जैसे पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया गया है । पोस्टमार्टम के बाद ही कर्म का पता चल सकेगा ।
