
भोपाल से गुजरने वाली ट्रेनों में हो रही वारदातें
मोबाइल-पर्स और बैग चोरी कर रहे बदमाश
भोपाल, 7 जनवरी. सफर के दौरान यात्रियों का सामान चोरी होने का सिलसिला जारी है. पिछले चौबीस घंटे के दौरान करीब आधा दर्जन यात्रियों के मोबाइल फोन, पर्स और बैग समेत अन्य सामान चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है. जीआरपी ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार शहडोल निवासी मुकेश कुमार दीक्षित भोपाल से घर जा रहे थे. अमरकंटक एक्सप्रेस में चढऩे के बाद देखा कि जेब में रखा पर्स गया है. चोरी गए पर्स में साढ़े पांच हजार रुपए नकद, ड्रायविंग लाईसेंस, आधारकार्ड, पेनकार्ड, वाहन का रजिस्ट्रेशन कार्ड समेत अन्य दस्तावेज रखे हुए थे. इसी प्रकार कोलकाता निवासी एम. विश्वास सोमनाथ एक्सप्रेस में उज्जैन से जबलपुर की यात्रा कर रही थी. उन्होंने अपनी लेडीज पर्स सिरहाने रखा हुआ था. भोपाल स्टेशन पहुंचने पर देखा तो पर्स गायब था. पर्स के अंदर 4 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन समेत करीब 24 हजार का सामान रखा हुआ था. इसी प्रकार उज्जैन से पटना की यात्रा कर रही आभा जलान का एक पर्स चोरी हो गया. चोरी गए पर्स में चांदी के जेवरात और नकद रुपए रखे हुए थे. इसी प्रकार अहमदाबाद से पटना की यात्रा कर रहे जगन्नाथ की सीट के नीचे रखा बैग चोरी हो गया. चोरी गए बैग में ओरिजनल सर्टिफिकेट, तीन हजार रुपये नकदी और कपड़े समेत करीब 7 हजार का सामान रखा हुआ था. महिला का ट्राली और पिट्ठू बैग चोरी अहमदाबाद से कटना की यात्रा कर रही एक महिला पप्पी जायसवाल का ट्रांली और पिट्ठू बैग चोरी चला गया. घटना संत हिरदाराम नगर स्टेशन के आसपास हुई. बैगों के अंदर कपड़े समेत करीब 30 हजार का सामान रखा हुआ था. इसी प्रकार सागर निवासी नितिन यादव राज्यरानी एक्सप्रेस में भोपाल से सागर की यात्रा कर रहे थे. भोपाल स्टेशन से ट्रेन चलने के बाद देखा तो उनकी जेब में रखा मोबाइल फोन गायब था. चोरी गए मोबाइल की कीमत 15 हजार रुपए बताई गई है. इसी प्रकार जंघही से मुंबई की यात्रा कर रहे एक युवक की जेब से 18 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन चोरी चला गया.
