
बरेली। जिला प्रशासन के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के आव्हान पर मंगलवार को कृषि उपज मंडी परिसर में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान शुरू किया गया। इस अभियान में भार साधक अधिकारी व एसडीएम संतोष मुद्गल, एसडीओपी कुँवर सिंह मुकाती, थाना प्रभारी कपिल गुप्ता और मंडी सचिव ऋतु गढ़वाल शामिल रहे।
अभियान का उद्देश्य वाहन दुर्घटनाओं को रोकना है। मंडी में अनाज बेचने आए किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर अधिकारियों द्वारा रेडियम पट्टियाँ लगाई गईं, ताकि रात के समय उनकी दृश्यता बढ़े और सड़क हादसे टल सकें।
टीआई कपिल गुप्ता ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि मोटर व्हीकल एक्ट के अनुसार ट्रैक्टर के साथ ट्रॉली का भी रजिस्ट्रेशन, लाइट और बीमा होना आवश्यक है, जो अधिकांश मामलों में नहीं कराया जाता। उन्होंने कहा, यदि आपने रजिस्ट्रेशन या बीमा नहीं कराया है, तो कम से कम रेडियम पट्टी जरूर लगाएं, ताकि किसी की जान बच सके। आपके इस छोटे से प्रयास से अगर दस लोगों की भी जान बची, तो यह आपके जीवन का सबसे बड़ा पुण्य कार्य होगा।
एसडीएम संतोष मुद्गल ने किसानों को बताया कि अब मंडी गेट से वही ट्रैक्टर-ट्रॉली बाहर निकलेगी, जिस पर रेडियम पट्टी लगी होगी। मंडी प्रशासन की ओर से यह पट्टियाँ निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, और गेट पर भी पट्टी लगवाने की सुविधा दी गई है। उन्होंने कहा कि आज से बिना रेडियम पट्टी वाले वाहनों को मंडी गेट के अंदर प्रवेश नहीं मिलेगा।
इस अभियान के माध्यम से किसानों को सुरक्षित परिवहन के प्रति जागरूक करने और सड़क हादसों में कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है।
