नयी दिल्ली 18 (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) ने विपक्ष के हमलों के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विदेश दौरे का बचाव किया है और उनके दौरे को देश के हर नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने सोमवार को यहां विदेशी मुद्रा बचाने के उदेश्य से लोगों के विदेश दौरे पर नहीं जाने, पेट्रोल-डीजल बचाने, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने तथा एक साल तक सोना नहीं खरीद की अपील करने के बाद श्री मोदी के विदेश दौरे पर जाने को लेकर विपक्षी नेताओं की ओर से उठाये जा रहे सवाल का जवाब दिया। उन्होंने कहा, “मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में श्री मोदी बड़ी समझदारी और दूरदर्शिता के साथ हर भारतीय के हितों की रक्षा के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण विदेश यात्रा पर हैं।
स्वीडन में वहाँ की सरकार ने श्री मोदी को ‘क्रॉस ऑफ़ द रॉयल ऑर्डर ऑफ़ द पोलर स्टार’ से सम्मानित किया है, जो स्वीडन का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कई सालों से लगातार दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में गिना जाता रहा है। उन्हें अब अपने कार्यकाल के दौरान 31 अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। जैसा कि नाम से ही पता चलता है, ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ़ द पोलर स्टार’ में ‘पोलर स्टार’ को हिंदी में ‘ध्रुव तारा’ के नाम से जाना जाता है। ठीक उसी तरह यह एक अटल सत्य है कि श्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया में एक ऐसी स्थिति हासिल की है जो हर भारतीय को गर्व से भर देती है। यह सम्मान केवल एक व्यक्ति के तौर पर नरेंद्र मोदी के लिए सम्मान नहीं है।”

