
ग्वालियर। देश के विख्यात सूफ़ी संत हजरत ख्वाजा खानून के 508 वें उर्स मेले में व्यवस्थाओं के लिए प्रबंध समिति की विशेष बैठक आज 24 सितंबर, गुरुवार को शाम छह बजे दरगाह हजरत ख्वाजा खानून के सभागार में दरगाह के सज्जादानशीन हजरत ख्वाजा राशिद खानूनी की अध्यक्षता में आयोजित की जा रही है। दरगाह के नायब सज्जादानशीन डॉ ऐजाज़ खानूनी ने बताया कि बैठक में उर्स मेले के इन्तजाम के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन किया जाएगा। उर्स मेला आगामी आठ अक्टूबर को शाम छह बजे चिरागे चिश्तिया रोशन होकर आरम्भ होगा। इस मौके पर दरगाह की प्रबन्ध समिति और प्रशासन की ओर से उर्स की पहली चादर पेश की जायेगी।
आठ दिवसीय उर्स मेले का समापन पन्द्रह अक्टूबर को दोपहर कुल के छींटे के साथ होगा। इस मौके पर अजमेर शरीफ से आई खास चादर पैश की जायेगी। डा. ऐजाज़ खानूनी ने बताया कि उर्स मेले के लिए दरगाह प्रबंध समिति और प्रशासन द्वारा समुचित व्यवस्थायें की जा रही है। दरगाह में मरम्मत और रंग रोगन का काम चल रहा है। उल्लेखनीय है कि इस उर्स मेले में स्थानीय जायरीन के अलावा देश-भर से श्रद्धालु जाति धर्म ऊंच नीच छोटे बड़े का भेद भूलकर भाग लेते हैं।
