चितरंगी: जिले में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए चितरंगी पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसडीओपी चितरंगी के निर्देशन में थाना प्रभारी टीआई सुदेश तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों के कब्जे से 9 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत 7 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है। इनमें तीन वयस्क आरोपी और दो बाल अपचारी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार 5 अप्रैल को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुदेश तिवारी ने टीम के साथ घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने चितरंगी, मोरवा, बरगवां, अमिलिया, अनपरा और शक्तिनगर थाना क्षेत्रों से बाइक चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने विभिन्न स्थानों से चोरी की 9 मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।गिरफ्तार आरोपियों में बबुलेश साह पिता मुन्ना लाल साह, उम्र 20 वर्ष, रामराज सिंह गोंड पिता देवनारायण सिंह गोंड, उम्र 22 वर्ष, दोनों निवासी बगैया थाना चितरंगी तथा सूर्यभान सिंह गोंड पिता छत्रपति सिंह गोंड, उम्र 18 वर्ष, निवासी झगरौहा थाना चितरंगी शामिल हैं।
वहीं दो विधि विवादित किशोरों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया, जबकि दोनों बाल अपचारियों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया।इस कार्रवाई में टीआई सुदेश तिवारी,के. वर्मा , सब-इंस्पेक्टर मोहन पनाडिया , रमेश प्रसाद कोल, रमेश साकेत, राजेश मिश्रा, आर.डी. वर्मा, कैलाश सिंह, संत कुमार प्रजापति, आरक्षक शिव कुमार पटेल, शुभम पटले, जितेंद्र तिवारी, मुकेश पाण्डेय, सुभाष पाल, सुदर्शन चौहान, अमलेश सिंह, सचिन शुक्ला एवं वीर प्रताप सिंह का विशेष योगदान रहा। पुलिस की इस सफलता से वाहन चोर गिरोह में हड़कंप मच गया है और क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की सराहना हो रही है।
