
सिंगरौली। जिला मुख्यालय बैढ़न में यातायात व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित होती नजर आ रही है। शहर के प्रमुख चौराहों माजन मोड़, पुराना यातायात चौराहा, विंध्यनगर, नवजीवन बिहार तिराहा और अंबेडकर चौक पर लगे ट्रैफिक सिग्नल पिछले चार महीनों से बंद पड़े हैं, जिससे यातायात संचालन में लगातार दिक्कतें आ रही हैं।
शहर में बढ़ते वाहनों के दबाव के बीच सिग्नल बंद होने से रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक सिग्नलों की मरम्मत या सुधार की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं भी फिलहाल कमजोर नजर आ रही हैं। प्रमुख चौराहों पर सिग्नल बंद होने से वाहन चालकों को स्वयं ही रास्ता निकालना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
शहरवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द खराब पड़े ट्रैफिक सिग्नलों की मरम्मत कर यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस दिशा में कब तक कार्रवाई करते हैं।
