ज्ञान, स्वाध्याय और आत्मा के स्वरूप को समझने का आह्वान

भोपाल: आचार्यश्री समयसागर जी महाराज ने श्रद्धालुओं से आत्मा, ज्ञान, त्याग और धर्मश्रवण के विषय में गहन चिंतन करने का आह्वान करते हुए कहा कि वास्तविक आध्यात्मिक प्रगति आत्मा और बाह्य साधनों के बीच के अंतर को पहचानने से प्रारम्भ होती है।धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्यश्री ने कहा कि जो जानता है, वही ज्ञान है और जानने वाला आत्मा है। उन्होंने दैनिक जीवन के उदाहरण से समझाया कि आंखें स्वयं नहीं देखतीं, बल्कि जीव उनके माध्यम से देखता है। इन्द्रियां केवल साधन हैं, जबकि आत्मा वास्तविक ज्ञाता और द्रष्टा है।
उन्होंने कहा कि किसी वस्तु का समुचित ज्ञान होने पर त्याग का भाव उत्पन्न होता है। प्रत्याख्यान का वास्तविक अर्थ त्याग है और राग, मोह तथा आसक्ति का परित्याग धार्मिक साधना का महत्वपूर्ण अंग है।आचार्यश्री ने सम्यक ज्ञान को सही और यथार्थ ज्ञान बताते हुए कहा कि धर्म को अपनी रुचि और अरुचि के आधार पर नहीं, बल्कि आगम और स्थापित सिद्धांतों के अनुसार समझना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रतिदिन कम से कम दस मिनट स्वाध्याय करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि जिन्हें ज्ञान का अभाव है, उन्हें ज्ञानीजनों का मार्गदर्शन लेना चाहिए और प्रामाणिक धर्मोपदेश सुनने चाहिए। जीवन की क्षणभंगुरता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि बाल का सफेद होना या बादलों का बदलना जैसी छोटी घटनाएं भी वैराग्य और आत्मचिंतन का माध्यम बन सकती हैं।पंचायत समिति के मीडिया प्रभारी भविष्य जैन ने बताया कि आचार्यश्री ने शिवभूति की कथा के माध्यम से भेद विज्ञान का भी विस्तार से विवेचन किया और आत्मा तथा बाह्य पदार्थों के भेद को समझने पर बल दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से ज्ञान, स्वाध्याय, धर्मश्रवण, विनय और त्याग को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

Next Post

पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग द्वारा फिल्म 'हनुमान अंश' की सराहना करने के बाद अब निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की इच्छा है कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा भी यह फिल्म देखें

Fri Sep 4 , 2026
नई दिल्ली,  सिनेमाघरों में अपनी सादगी और आध्यात्मिक संदेश के दम पर शानदार सफलता हासिल कर रही फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने हाल ही में खुलासा किया है कि भारतीय टीम के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग द्वारा […]

You May Like

मनोरंजन