गुना: शहर के वार्ड क्रमांक 7 स्थित पुरानी छावनी क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक जर्जर और लगभग 100 साल पुराना बिजली का खंभा अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। गनीमत यह रही कि जिस समय खंभा गिरा, उसकी चपेट में कोई राहगीर या वाहन नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हालांकि, इस घटना से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है।
इस घटना को लेकर स्थानीय निवासियों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का आरोप है कि खंभे की जर्जर स्थिति के बारे में कई बार विभाग को लिखित और मौखिक शिकायतें दी गई थीं, लेकिन अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह 10 बजे अचानक खंभे से आग की चिंगारियां निकलने लगीं। चिंगारियां देख स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और खंभे के आसपास घेरा बना लिया ताकि कोई वहां से न गुजरे।
इसके कुछ देर बाद ही खंभा जमीन पर आ गिरा। खंभा गिरने से मुख्य बिजली लाइन टूट गई और कई घरों के बाहर लगे मीटर क्षतिग्रस्त हो गए। कई घरों की बिजली गुल हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले एक वाहन ने इस खंभे को टक्कर मार दी थी। उस समय बिजली कंपनी ने स्थाई समाधान करने के बजाय केवल सामान्य रिपेयरिंग कर काम चला लिया था। यही कारण रहा कि जर्जर खंभा बुधवार को अपना भार सहन नहीं कर पाया और गिर गया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की सप्लाई बंद की। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि शहर के अन्य वार्डों में भी लगे ऐसे ही पुराने और खतरनाक खंभों को तुरंत बदला जाए ताकि भविष्य में किसी जनहानि से बचा जा सके।
