भोपाल: राजधानी के लाल परेड ग्राउंड में आज शाम से 11वें अंतरराष्ट्रीय वन मेले का शुभारंभ होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मेले का उद्घाटन करेंगे। इस बार मेला “समृद्ध वन, खुशहाल वन” की थीम पर आयोजित किया जा रहा है, जो 23 दिसंबर तक चलेगा।
मेले में देश के 24 राज्यों से आए प्रतिभागी अपने उत्पादों के साथ मौजूद रहेंगे। कुल 350 स्टॉलों में जड़ी-बूटियां, वन उत्पाद, आयुर्वेदिक औषधियां और पारंपरिक वस्तुएं प्रदर्शित व विक्रय की जाएंगी। विशेष आकर्षण के रूप में 26 फूड स्टॉल लगाए गए हैं, जहां अलीराजपुर का दाल पनिया और बांधवगढ़ के गोंडी व्यंजनों का स्वाद चखा जा सकेगा।
मेले में 50 ओपीडी स्टॉलों पर प्रतिदिन आयुर्वेदिक चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श दिया जाएगा, वहीं बच्चों के लिए अलग से किड्स जोन भी बनाया गया है। 19-20 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला और 21 दिसंबर को पारंपरिक भोजन सामग्री निर्माताओं का क्रेता-विक्रेता सम्मेलन भी आयोजित होगा।
