
इंदौर. बंगाली कॉलोनी क्षेत्र में एक युवक के साथ बेल्ट से मारपीट करने वाले दोनों आरोपियों को तिलक नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों में एक युवक पुलिस को चकमा देकर भागने के दौरान दीवार से कूद पड़ा, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई है. उसे उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया है.
बंगाली कॉलोनी में रहने वाले फरियादी अंकित शाह ने पुलिस को बताया कि सोमवार 7 जुलाई की रात करीब 1 बजे जब वह बंगाली ब्रिज के नीचे से होकर घर लौट रहा था, तभी दो अज्ञात युवकों ने बिना किसी कारण गाली-गलौज करते हुए बेल्ट से हमला कर दिया. फरियादी कि रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाप प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरु की थी. सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने जल्द ही दोनों आरोपियों मुकुल बोरासी और यश उर्फ भोला पिता बाबूलाल 24 वर्ष, निवासी संविद नगर को चिन्हित कर दबोच लिया. गिरफ्तारी के दौरान यश उर्फ भोला भागने की कोशिश में बाउंड्री वॉल से कूद गया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आ गई. पुलिस ने तत्काल उसे एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया. दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है.
