शिवपुरी:नगरीय क्षेत्र में रहने वाले भूमिहीन और आवासहीन परिवारों को मालिकाना हक देने के लिए “पट्टा वितरण अभियान” में तेजी आ गई है। हालांकि, मतदाता गहन पुनरीक्षण के काम की वजह से यह सर्वे कार्य पूरा नहीं हो सका था, लेकिन अब शिवपुरी प्रशासन ने इसे प्राथमिकता पर लेते हुए नगर पालिका और राजस्व की टीमों को मैदान में उतार दिया है।
शिवपुरी के कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी ने बताया कि हम योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को पट्टा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पूर्व में पूरी टीम एसआईआर कार्य में व्यस्त थी, लेकिन अब सर्वे और अन्य औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जा रही हैं।योजना के अनुसार फरवरी 2026 तक पात्र हितग्राहियों के चयन की पूरी प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी। इसके बाद मार्च 2026 से पट्टों का वितरण शुरू होगा।
इस योजना के तहत चिन्हित परिवारों को लगभग 650 से 850 वर्ग फीट तक का पट्टा दिया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोग जिस शासकीय भूमि पर वर्षों से घर बनाकर रह रहे हैं, उन्हें उसी स्थान पर पट्टा दिया जाएगा। हालांकि, यदि वह भूमि किसी महत्वपूर्ण सरकारी प्रोजेक्ट के लिए आरक्षित है या बेशकीमती है, तो प्रशासन संबंधित परिवार को शहर में किसी दूसरे स्थान पर जमीन आवंटित करेगा।
पात्रता: ऐसे व्यक्ति जो 31 दिसंबर 2020 से पहले से शासकीय भूमि पर रह रहे हैं और जिनके पास अपना कोई प्लॉट या मकान नहीं है। नगर पालिका सर्वे करेगी, जिसकी जांच एसडीएम द्वारा की जाएगी। अंतिम सूची 5 जनवरी तक तैयार होगी। पट्टा मिलने के बाद हितग्राही उसे किसी अन्य व्यक्ति को बेच नहीं सकेगा।
