बड़वाह/सनावद: मोरटक्का के नर्मदा पुल पर हुए भयावह सड़क हादसे के बाद क्षेत्र की यातायात व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। नगर के प्रतिष्ठित उद्योगपति भागचंद जैन की अमेरिका में रहने वाली पुत्रवधू प्रियांशी जैन ने हादसे के बाद कहा है कि जब तक मोरटक्का का नया नर्मदा पुल और इंदौर–इच्छापुर हाईवे का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, वह अपने ससुराल सनावद नहीं आएंगी।
प्रियांशी जैन 14 दिसंबर की रात अपने पति सौरभ जैन, तीन वर्षीय पुत्र अव्यान और दो माह के पुत्र अवन के साथ अमेरिका से इंदौर एयरपोर्ट पहुंची थीं। वहां से भागचंद जैन सभी को कार से सनावद लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान मोरटक्का के संकीर्ण नर्मदा पुल पर इंदौर की ओर से तेज गति से आ रहे एक डंपर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पुल की रेलिंग तोड़ते हुए आधी नर्मदा की ओर लटक गई, जबकि एक अन्य कार सीधे नदी में जा गिरी।
हादसे में भागचंद जैन की पसली में फ्रैक्चर हुआ, सौरभ जैन के सिर में गंभीर चोट आई और दो माह के शिशु को भी चोट पहुंची। सभी को बड़ी मुश्किल से कार से बाहर निकाला गया और सौरभ को इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया। सौभाग्य से कोई जनहानि नहीं हुई।घटना के बाद प्रियांशी जैन गहरे सदमे में हैं। उन्होंने कहा कि यह हादसा जीवन भर नहीं भूल पाएंगी। इधर, घर पर परिवार के स्वागत की तैयारी कर रहीं दादी अनिता जैन को जैसे ही हादसे की खबर मिली, घर में अफरा-तफरी मच गई और परिजन तुरंत घटनास्थल पहुंचे।
उल्लेखनीय है कि सनावद, बड़वाह और मोरटक्का क्षेत्र में डंपरों और राखड़ के बलकरों की अनियंत्रित आवाजाही से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। इंदौर–इच्छापुर हाईवे घनी आबादी से गुजरता है, जहां तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। बावजूद इसके इनके संचालन की कोई समय-सीमा तय नहीं की गई है।
लायंस क्लब की एलसीआईएफ डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर अनिता जैन ने कहा कि बेलगाम डंपरों के कारण आमजन की जान जोखिम में है। उन्होंने शासन-प्रशासन से कड़े कदम उठाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो क्षेत्र में आंदोलन किया जाएगा। क्षेत्रवासियों ने भी नर्मदा पुल और हाईवे निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर यातायात को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
