
इंदौर:नगर निगम द्वारा शहर में सतत विकास एवं स्वच्छता को नई दिशा में ले जाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया गया. महापौर ने निगम के देव गुराड़िया ट्रेंचिंग ग्राउंड में मृत पशुओं के वैज्ञानिक निपटान नवीन तकनीक आधारित प्लांट, नवीन फायर स्टेशन तथा अनुपयोगी कपड़ों के वेस्ट क्लॉथ प्रोसेसिंग प्लांट का भूमि पूजन किया.
महापौर भार्गव ने कहा कि आज शहर वेस्ट टू वेल्थ की दिशा में आगे बढ़ चुका है. अनुपयोगी कपड़ों से धागा बनाने, मृत पशुओं के एनिमल वेस्ट का पर्यावरण अनुकूल निपटान करने जैसे कार्य इंदौर को स्वच्छता के अगले स्तर पर ले जाएंगे.
उन्होंने संबंधित एजेंसियों से अपेक्षा की कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर उत्पादन भी समय सीमा में प्रारंभ किया जाए. कार्यक्रम में आज विजय दिवस के अवसर पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने आर्मी के सेवानिवृत्त सैनिकों का सम्मान भी किया गया. इस अवसर पर महापौर परिषद सदस्य अश्विनी शुक्ल,अभिषेक शर्मा बबलू, नंदकिशोर पहाड़िया, मनीष शर्मा मामा, सरपंच अनुराग पंड्या सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.
वेस्ट क्लॉथ प्रोसेसिंग प्लांट
शहर में थ्री-आर (रिड्यूज, रियूज, रिसायकल) के तहत हर ज़ोन में थ्री-आर कलेक्शन सेंटर स्थापित किए गए हैं. इन केंद्रों पर नेकी की दीवार पर बड़ी मात्रा में अनुपयोगी कपड़े एकत्रित होते हैं. वेस्ट क्लॉथ प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. उक्त प्लांट में अनुपयोगी कपड़ों से धागा तैयार कर पुन उपयोग किया जाएगा. यह प्लांट राशि 2 करोड़ रुपए की लागत से पी.पी.पी. मॉडल पर स्थापित किया जा रहा है. नगर निगम द्वारा भूमि, बिजली एवं सिविल कार्य किए जाएंगे। इससे निगम को 1.75 लाख प्रति माह राजस्व मिलेगा.
मृत पशुओं का शवदाह गृह
शहर में मृत पशुओं के शवों का पर्यावरण अनुकूल एवं वैज्ञानिक निपटान हेतु स्वच्छ भारत मिशन के तहत आधुनिक तकनीक से प्लांट स्थापित किया जा रहा है. अभी मृत पशुओं को दफनाया जाता था, लेकिन अब आधुनिक मशीनों द्वारा जलाकर निपटान किया जाएगा. मशीन की क्षमता 1000 किलोग्राम प्रति बैच है. उक्त प्रोजेक्ट की लागत 3.04 करोड़ है. एजेंसी को देवगुराड़िया ट्रेंचिंग ग्राउंड में भूमि उपलब्ध कराई जा चुकी है. आज से निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया है.
नए फायर स्टेशन का निर्माण
शहर के पूर्वी क्षेत्र में देवगुराड़िया ट्रेंचिंग ग्राउंड परिसर में अनुमानित 80,71,875/- की लागत से लगभग 10,000 वर्गफुट क्षेत्र में नया फायर स्टेशन का निर्माण किया जाएगा. इससे पालदा-नेमावर रोड एवं आसपास के क्षेत्र में आगजनी होने पर तुरंत राहत मिल जाएगी
