सूने स्थान पर अकेला देख छीन लेते थे मोबाइल

सतना : वाहन के इंतजार में सडक़ किनारे खड़े व्यक्ति के सामने अचानक आ धमके बाइक सवार 2 युवकों ने देखते ही देखते मोबाइल झपट लिया और वहां से भाग निकले. शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच करते हुए जब 2 संदेहियों को पकड़ा तो यह चौंकाने वाली जानकारी सामने आई कि वे सूने स्थान पर अकेले दिख रहे लोगों को निशाना बनाकर उनका मोबाइल लूट लिया करते थे. जिसके चलते पुलिस ने नाबालिग समेत दो आरोपियों के कब्जे से लूट गए 7 मोबाइल और नकदी बरामद कर ली.

कोतवाली थाना मैहर प्रभारी अनिमेष द्विवेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 दिन पहले एक फरियादी व्यक्ति द्वारा लूट की शिकायत की गई थी. फरियादी ने पुलिस को बताया कि 5 दिसंबर को वे मैहर मेंकटनी रोड पर जैन पेट्रोल पंप के सामने खड़े थे. उन्हें ड्यूटी जाना था, लिहाजा वे सडक़ किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे थे. लेकिन इसी दौरान बाइक पर सवार 2 लडक़े अचानक वहां आ धमके.

लडक़ों ने उनके पास मौजूद वन प्लस कंपनी का मोबाइल लूट लिया और वहां से भाग निकले. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरु की गई. इसी दौरान पुलिस को इस बात की सूचना मिली कि बजाज सीटी 100 मोटरसाइकिल पर सवार 2 लडक़े संदिग्ध तौर पर ओवर ब्रिज के नीचे खड़े हैं. जिसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम फौरन वहां पहुंच गई और दोनों लडक़ों को दबोचते हुए पूछताछ शुरु की.

पूछताछ में एक आरोपी की पहचान अमित उर्फ अंशु विश्वकर्मा पिता ओमप्रकाश उम्र 22 वर्ष निवासी बदेरा के तौर पर हुई. जबकि दूसरा आरोपी नाबालिग निकला. पूछताछ में आरोपियों ने कटनी रोड पर मोबाइल लूटने की घटना सहित इसी तरह की अन्य घटना करना स्वीकार कर लिया. लिहाजा दोनों की तस्दीक पर लूटे गए 7 मोबाइल और 1300 रु की नकदी बरामद कर ली गई. जिसके बाद एक ओर जहां युवक को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए जेल भेज दिया गया. वहीं दूसरी ओर नाबालिग आरोपी के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई.

Next Post

महिला वन कर्मी ने की आत्महत्या

Wed Dec 17 , 2025
सतना : जिले के नागौद क्षेत्र की निवासी और वन विभाग पन्ना में पदस्थ महिला वन कर्मी ने जाकर खाकर जान दे दी.प्राप्त जानकारी के अनुसार नागौद क्षेत्र अंतर्गत सेमरी निवासी आशा चौधरी का विवाह हिलौंधा निवासी दुर्गेश चौधरी के साथ कुछ वर्ष पूर्व हुआ था. 35 वर्षीय श्रीमती आशा […]

You May Like