
भोपाल। अयोध्या नगर थाना पुलिस ने एक छात्र के साथ अड़ीबाजी करने वाले रायसेन के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया. आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया. आरोप है कि बदमाशों ने परीक्षा देने आए नाबालिग छात्र को अगवा कर मारपीट कर अड़ीबाजी की थी. आरोपी बदमाश अनिल मालवीय ने अपने साथी आरोपी राज कोल के साथ दाहोद रायसेन से आकर फरियादी को अगवाकर किया था. पैसे नहीं देने पर आरोपियों ने फरियादी को बेल्ट से बेरहमी से पीटा था. गिरफ्तार बदमाशो पर रायसेन में मारपीट , शराब तस्करी के अपराध दर्ज हैं.
पुलिस के मुताबिक 24 मई को फरियादी अंशुल मालवीया (17) निवासी इटारसी भोपाल में परीक्षा देने अपने परिजनों के घर आया हुआ था. 23 मई की रात आरोपी अनिल और राज ने फरियादी को मिनाल गेट नंबर 4 पर बुलाया. वहाँ से उसे बहाने से मोटरसाइकिल पर बैठाया और सुनसान जगह ले गए. अंशुल को वहाँ पुरानी रंजिश को लेकर दोनों बदमाश धमकाने लगे और शराब पीने के लिए फरियादी से 2 हजार रुपए भी मांगे. फरियादी ने रुपए देने से मना कर दिया. बदमाशों ने इस पर गाली गलौच कर लात घूंसे और बेल्ट से अंशुल की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे अंशुल को गंभीर चोटें आईं. आरोपी इसके बाद अंशुल को जबरन मोटरसाइकिल पर बीच में बैठाकर बंधक बनाकर ग्राम दाहोद (रायसेन) ले गए और जान से मारने की धमकी दी. फरियादी किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागकर वापस भोपाल पहुंचा और परिजनों को आपबीती बताई. परिजनों ने थानेमें आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया और आरोपियों को मंडीदीप के पास गिरफ्तार किया. कोर्ट में पेश करते हुए आरोपियों को जेल भेजा गया.
