रेंजर के साथ मार-पीट करने वालों पर मामला दर्ज

सीधी:जिले के रामपुर नैकिन थाना अंतर्गत सोन घड़ियाल अभ्यारण्य में अवैध उत्खनन रोकने गई वन विभाग की टीम पर गांव के दबंगों ने हमला कर दिया। यह घटना दिनांक 11 दिसंबर 2025 की रात्रि लगभग 7:30 बजे बनास नदी के स्थानीय घाट की बताई जा रही है, जो सोन घड़ियाल अभ्यारण्य का प्रतिबंधित क्षेत्र है।मिली जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्राधिकारी मुकेश अलावा अपने स्टाफ कुजेश्वर गौतम, दयाराम प्रजापति, चन्द्रभान सिंह एवं अजय मिश्रा के साथ रात्रि गश्त पर थे।

गश्त के दौरान जब टीम वाहन से उतरकर नदी किनारे जांच कर रही थी, तभी स्थानीय गांव की ओर से दीप सिंह बघेल, प्रमोद सिंह बघेल, प्रांशु सिंह बघेल, विक्कू सिंह और प्रियेश सिंह अपने अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और अचानक वनकर्मियों से गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि प्रांशु सिंह बघेल ने वनकर्मी अजय मिश्रा पर डंडे और हाथों से हमला किया, जबकि अन्य आरोपियों ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए पूरे स्टाफ के साथ मारपीट की।

हल्ला सुनकर जब रेंजर मुकेश अलावा और चन्द्रभान सिंह मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में चन्द्रभान सिंह के सिर में खरोंच, पीठ में दर्द, दयाराम प्रजापति और अजय मिश्रा को भी गंभीर चोटें आई हैं। मारपीट के दौरान रेंजर का जैकेट भी फाड़ दिया गया। घटना के बाद पूरा वन अमला थाना पहुंचा, जहां आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 132, 121(ए), 296(ए), 351(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

इनका कहना है

वन विभाग की टीम अवैध उत्खनन रोकने गई थी, तभी आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों ने हमला किया।यदि समय रहते पुलिस की सख्त कार्रवाई होती, तो यह घटना टाली जा सकती थी।
राजेश कन्ना टी, डीएफओ संजय टाईगर रिजर्व सीधी

Next Post

कार्तिक शर्मा को 14 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदे जाने पर भरतपुर में जश्न का माहौल

Tue Dec 16 , 2025
भरतपुर, 16 दिसम्बर (वार्ता) चेन्नई सुपर किंग्स टीम द्वारा मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिये भरतपुर के कार्तिक शर्मा को 14 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदने के बाद राजस्थान के भरतपुर सम्भाग में जश्न का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भरतपुर जिला मुख्यालय सहित भरतपुर सम्भाग […]

You May Like