सीहोर: बुधनी विधानसभा क्षेत्र के कोसमी गांव में वन विभाग और प्रशासन की कार्रवाई में गरीब परिवारों के घर तोड़े जाने के मामले में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने घरों को तोड़े जाने, फसलों को नष्ट करने और पानी के लिए इस्तेमाल होने वाले कुएं को मिट्टी से भरने पर नाराजगी जताई। शिवराज ने मौके से ही प्रदेश के मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को फोन कर मामले की जानकारी दी और प्रशासनिक कार्रवाई पर आपत्ति दर्ज कराई।
शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को भी फोन कर प्रभावित परिवारों की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी चर्चा करेंगे। मौके पर वन विभाग और प्रशासन के किसी वरिष्ठ अधिकारी के मौजूद नहीं होने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।
प्रभावित परिवारों के लिए नए घर बनवाने का भरोसा
शिवराज सिंह चौहान ने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया कि जिन लोगों के घर तोड़े गए हैं, उनके लिए नए घर बनवाए जाएंगे। जब तक उनके रहने की स्थायी व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक अस्थायी आवास और खाने-पीने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को बेघर करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
घर के साथ आजीविका और पानी का संकट
कार्रवाई से प्रभावित परिवारों के सामने आवास के साथ आजीविका और पानी का संकट भी खड़ा हो गया है। शिवराज के सामने ग्रामीणों की मक्के और तुअर की फसलें नष्ट होने तथा सिंचाई और पीने के पानी के लिए इस्तेमाल होने वाले कुएं को मिट्टी से भर दिए जाने का मामला भी आया। उन्होंने इन परिस्थितियों पर विरोध जताते हुए प्रभावितों को भरोसा दिलाया कि उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।अब इस मामले में मुख्यमंत्री से चर्चा और प्रभावित परिवारों के लिए राहत एवं आवास की व्यवस्था पर आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।
