नीमच: जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत नयागांव चौकी के सरवानिया मसानी निवासी कारूलाल धाकड़ का शव मंगलवार को मध्यप्रदेश राजस्थान सीमा पर स्थित एक खेत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घटना को हत्या बताते हुए आक्रोश जताया।जानकारी के अनुसार कारूलाल बीते 2 से 3 दिनों से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट नयागांव चौकी पर दर्ज कराई गई थी।
परिजनों का आरोप है कि गांव के एक पटेल द्वारा फर्जी रजिस्ट्री कराकर कारूलाल पर पैसों का दबाव बनाया जा रहा था, इसी विवाद के चलते उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।शव मिलने की सूचना पर नीमच जिले की नयागांव चौकी पुलिस के साथ ही राजस्थान के निंबाहेड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध माना जा रहा है। परिजनों का कहना है कि कारूलाल की हत्या कर शव को खेत में फेंका गया, वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने नयागांव क्षेत्र में हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश देकर जाम खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है।पुलिस के अनुसार मृतक के पास से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। हालांकि सुसाइड नोट की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
