नई दिल्ली। मंगलवार, 16 दिसंबर, 2025: ऑस्ट्रेलिया के बोंडी बीच पर हुए यहूदी समुदाय को निशाना बनाने वाले आतंकवादी हमले की जाँच में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ आया है। फिलीपींस सरकार ने खुलासा किया है कि हमले के आरोपी पिता-पुत्र, नवीद अकरम (24) और साजिद अकरम (50) ने हमले से कुछ हफ्ते पहले भारतीय पासपोर्ट पर फिलीपींस की यात्रा की थी। इस जानकारी ने ऑस्ट्रेलियाई और भारतीय जाँच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है, जिससे इस हमले का अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन सामने आया है।
ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिलीपींस यात्रा के दौरान नवीद और साजिद की गतिविधियाँ, मुलाकातें और यात्रा का मकसद जाँच एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण हैं। इस बीच, बोंडी बीच हमले के बाद आरोपियों की कार से ISIS से जुड़ा एक झंडा और कुछ विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है, जिससे इस मामले को गंभीर माना जा रहा है। जाँच एजेंसियाँ अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस हमले का संबंध ISIS या उसके एशियाई शाखा (ISEA) से तो नहीं है, क्योंकि फिलीपींस में आतंकी गुटों की सक्रियता पहले से ही रही है।
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने अस्पताल जाकर अहमद अल अहमद से मुलाकात की, जिन्होंने हमले के दौरान आतंकवादी से राइफल छीनकर कई लोगों की जान बचाई थी और उन्हें ‘ऑस्ट्रेलिया का सच्चा हीरो’ बताया। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई जाँच एजेंसियाँ हमले से जुड़े आरोपियों के डिजिटल डेटा, बैंक ट्रांजैक्शंस और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की गहरी जाँच कर रही हैं। इस मामले में अंतरराष्ट्रीय खुफिया एजेंसियों से भी सहयोग लिया जा रहा है, जिससे इस घटना का सुरक्षा के लिहाज से महत्व और बढ़ गया है।

