सीहोर। पिछले दिनों ई-अटेंडेंस न लगाने वाले 1724 शिक्षकों का पूरे महीने का वेतन रोकने के आदेश के बाद अब शिक्षक विरोध में उतर आए हैं. सोमवार को विरोध स्वरूप शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर काम शुरु कर दिया है.
यही नहीं बुधवार को सभी शिक्षक संगठन जिला मुख्यालय पर विधायक से भी मिलेंगे और ई-अटेंडेंस बंद करवाने के लिए कहेंगे. शिक्षकों का कहना है कि आज भी कई स्कूलों में नेटवर्क नहीं मिलता. यही नहीं ई-अटेंडेंस एप में तरह-तरह की खामियां हैं. जिसके कारण वे अटेंडेंस नहीं लगा रहे हैं. शिक्षकों का दावा है कि ई-अटेंडेंस को लेकर हाई कोर्ट में याचिका भी विचाराधीन है. ऐसे में शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करना न्यायसंगत नहीं है.
शनिवार को ही आवासीय खेलकूद संस्थान परिसर में सभी शिक्षक संगठनों की बैठक हुई और संयुक्त मोर्चा का गठन किया गया. जिसके बाद मोर्चा ने ई-अटेंडेंस के विरोध में कार्ययोजना बनाई.सोमवार को सभी स्कूलों के शिक्षकों ने काली-पट्टी बांधकर प्रदर्शन करते हुए काम किया. शिक्षकों का कहना है कि यदि शिक्षा विभाग ने अपना रवैया नहीं बदला तो वे उग्र प्रदर्शन करेंगे. बता दें कि सीहोर जिले में कुल 5877 कर्मचारी हैं जिन्हें ई-अटेंडेंस लगाना है. वहीं शिक्षक संगठनों का आरोप है कि यह ई-अटेंडेंस शिक्षा विभाग के सभी कर्मचारियों के लिए हैं, फिर चाहे वे डीईओ या बीईओ या फिर बीआरसी कार्यालय के कर्मचारी ही क्यों न हों.? लेकिन वे ई-अटेंडेंस नहीं लगा रहे हैं, सिर्फ शिक्षकों पर ही ई-अटेंडेंस के लिए दबाव बनाया जा रहा है. सोमवार को जहां सभी स्कूलों के शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताते हुए काम किया, वहीं बुधवार को वे जिला स्तर पर विधायक को ज्ञापन देंगे. यदि फिर भी उनकी सुनवाई नहीं हुई तो वे न्यायालय की शरण में जाएंगे.
