भोपाल: मध्यप्रदेश नीट पीजी 2025 के दूसरे चरण की काउंसलिंग तिथि दोबारा जारी कर दी गई हैं। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी द्वारा सीट मैट्रिक्स में 135 नई स्नातकोत्तर सीटें जोड़े जाने के बाद काउंसलिंग कार्यक्रम को पुनः निर्धारित किया गया है। यह जानकारी मध्यप्रदेश आयुर्विज्ञान शिक्षा निदेशालय द्वारा आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की गई है। प्रदेश के कालेजों में 20 नई स्नातकोत्तर सीटें जोड़ी गई हैं। इससे प्रदेश के विद्यार्थियों को एमडी और एमएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अतिरिक्त अवसर मिलेंगे।
15 दिसंबर से होगा पंजीकरण
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दूसरे चरण की काउंसलिंग के लिए नए इच्छुक अभ्यर्थियों का पंजीकरण 15 दिसंबर से शुरू होगा। अभ्यर्थी 17 दिसंबर तक इसमें पंजीकरण कर सकेंगे। सीटों में वृद्धि को देखते हुए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नए और पूर्व पंजीकृत दोनों तरह के उम्मीदवार इस चरण में भाग ले सकते हैं। दूसरे चरण के लिए संशोधित मेरिट सूची 18 दिसंबर को जारी की जाएगी।
इसके बाद अंतिम रिक्त सीटों की स्थिति 19 दिसंबर को सार्वजनिक की जाएगी। एमडी और एमएस पाठ्यक्रमों के लिए विकल्प भरने और लॉक करने की प्रक्रिया 20 दिसंबर से 22 दिसंबर तक चलेगी।सीट आवंटन का परिणाम 24 दिसंबर को घोषित किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 25 दिसंबर से 29 दिसंबर के बीच संबंधित मेडिकल कॉलेज में रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा।
