दान पेटियों से नोट के साथ निकले डॉलर व सोना-चांदी के जेवर

इंदौर: शहर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर की दानपेटियां हर बार की तरह इस बार भी तीन माह बाद खोली गईं. मंदिर परिसर में रखी 40 पेटियां काउंटिंग के लिए खोली गईं तो उसमें नोट, सोने-चांदी के गहनों के अलावा डॉलर व अन्य विदेशी मुद्रा भी निकली है. तीन दिन से चल रही गिनती शुक्रवार को भी जारी है. अब तक दान पेटियों से डेढ़ करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि निकली है.

खजराना मंदिर में हर दिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं. बुधवार, शनिवार, रविवार और पर्व-त्योहारों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंचती है. श्रद्धालु मंदिर परिसर में जगह-जगह लगी दान पेटियों में वे चढ़ावा भी चढ़ाते हैं. इन पेटियों की दान राशि की गिनती हर तीन माह में की जाती है. बुधवार से शुरू हुई इस बार की गिनती में तीसरे दिन दोपहर तक करीब डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की राशि निकली है, जो पिछली गिनती की तुलना में कम है.

जानकारी अनुसार हर बार दान पेटियों से निकलने वाली राशि कम होती जा रही है, जबकि मंदिर प्रबंधन का खर्च लगातार बढ़ रहा है. मंदिर में ऑनलाइन दान के लिए क्यूआर कोड भी लगाए गए हैं. भक्त उसका भी आजकल उपयोग कर रहे हैं. दान से मिली राशि से ही मंदिर प्रबंध समिति मंदिर में होने वाले सेवा कार्य और अन्न क्षेत्र संचालन के साथ ही धार्मिक आयोजन करती है.

बंद हो चुके और नकली नोट भी मिले
खजराना मंदिर से मिली जानकारी के अनुसार, नोटों की गिनती पच्चीस कर्मचारियों की टीम कर रही है और जिस कक्ष में नोट गिने जा रहे हैं, वहां सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं. इस बार दान पेटियों में बंद हो चुके 500 और 2000 रुपए के नोट भी मिले हैं. यही नहीं, कुछ नकली नोट भी दान पेटियों से निकले हैं. इस बार एक मोबाइल भी मिला है. इस बार सोने-चांदी के असली के साथ नकली आभूषण भी बड़ी मात्रा में मिले हैं.

बप्पा बेटे के लिए संस्कारी-सुंदर बहू दे दीजिए
दानपत्रों में भक्तों की भावनाएं भी दिखाई दे रही हैं. दान पेटियों की गणना में बड़ी संख्या में भक्तों द्वारा भगवान गणेश को लिखे गए पत्र और पर्ची भी मिल रहे हैं. किसी ने गणपति बप्पा से जल्दी शादी कराने की मुराद की है तो किसी ने अच्छे नंबरों से पास होने की अर्जी लगाई है. वहीं कुछ ने परिवार के सदस्य की बीमारी दूर करने तो किसी ने संतान प्राप्ति की कामना की है. एक पत्र में एक माता ने बेंगलुरु में कार्यरत अपने बेटे के लिए संस्कारी-सुंदर बहू की प्रार्थना की है और तिल चतुर्थी पर यदि विवाह तय हो तो तिल के लड्डू का भोग लगाने की श्रद्धा व्यक्त की है. अन्य पत्रों में रोजगार एवं पारिवारिक विवाद के समाधान की भी अरदासें देखी गई हैं.

Next Post

ड्रिंक एंड ड्राइव : सख्ती और चालान के बावजूद नहीं सुधर रहे

Sat Dec 13 , 2025
इंदौर: शहर में झोन-2 के सात थानों में पुलिस शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चला रही है. एक माह में 1000 से अधिक वाहन चालकों का 10-10 हजार रुपए का कोर्ट चालान बनाया, फिर भी लोग सुधरने को तैयार नहीं हैं. रोजाना 20 से 25 […]

You May Like