
माचलपुर/ब्यावरा। विगत 3 माह से वेतन नहीं मिलने तथा अन्य मांगों को लेकर नगर परिषद माचलपुर के सफाई कर्मचारियों के द्वारा कामकाज बंद कर की जा रही अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रही. हड़ताल के कारण नगर की सडक़ो, गली-मोहल्लो में कचरा बिखरा रहा. नागरिकों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. नगर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप्प हो गई है.
नगर परिषद माचलपुर में स्थाई एवं दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियो को बीते तीन माह से वेतन नहीं मिला है, जिसके चलते गुरुवार से सफाई कर्मचारी कामकाज बंद कर हड़ताल पर चले गये. शुक्रवार को भी हड़ताल जारी रही.
कचरे के लगे ढेर, परेशानी बढ़ी
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के दूसरे दिन नगर में सडक़ों पर कचरा फैला नजर आया. आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. घर, दुकानों के आगे, चौराहों पर कचरे के ढेर देखे जा सकते है.
वेतन नहीं मिलने से आर्थिक परेशानी
कर्मचारियों का कहना है कि इतने लम्बे समय तक वेतन नहीं मिलने से भारी आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
मांगों को लेकर करीब दो माह पूर्व भी सफाई कर्मचारियों के द्वारा हड़ताल की गई थी उस दौरान नगर परिषद के जिम्मेदारों द्वारा मांगों एवं समस्या के निराकरण हेतु उचित आश्वासन दिया था जिसके बाद हड़ता समाप्त कर दी गई थी किंतु आज दिनांक तक आश्वासन पूर्ण नहीं हो सका. मजबूरन हड़ताल का सहारा लेना पड़ा.
नपं कार्यालय के सामने दे रहे धरना
नगर परिषद कार्यालय माचलपुर के सामने टेंट लगाकर धरना दिया जा रहा है. नारे लगाते हुए कर्मचारी अपनी मांगों को पूरा करने की मांग कर रहे है. बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी धरना प्रदर्शन में शामिल हो रहे है.
