
ललितपुर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (मेडीकल कॉलेज) में फर्जी दस्तावेज बनाकर महत्वपूर्ण हृदयरोग व कैंसर जैसे विभागों में सेवाएं दे रहे चिकित्सक के खिलाफ डिप्टी सीएमओ ने एफआईआर दर्ज करायी है। प्रकरण की जांच के लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश के आदेश पर तीन सदस्यीय जांच कमेटी मेडीकल कॉलेज प्रधानाचार्य के नेतृत्व में जांच की गयी, जिसमें संविदा नौकरी के लिए आरोपित द्वारा दिये गये दस्तावेजों का मिलान किया गया, जो कि कथित तौर पर कूटरचित पाये गये। इस प्रकरण में डिप्टी सीएमओ डा.आर.एन.सोनी ने कोतवाली पुलिस को अवगत कराया कि यू.एस.ए. के टेक्सास 76513 बेलटन में रहने वाली डा.सोनाली सिंह ने मेडीकल कॉलेज के प्रधानाचार्य को अवगत कराया कि उनके भाई इंजीनियर अभिनव सिंह द्वारा उनके पति डा.राजीव कुमार गुप्ता की पहचान एवं उनकी एमबीबीएस व एमडी की डिग्री चुराकर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (मेडीकल कॉलेज) में नौकरी कर रहे हैं। मामला प्रकाश में आते ही अधिकारियों के भी होश फाख्ता हो गये। मामले को गंभीरता से संज्ञान लेते हुये जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने जांच के लिए समिति गठित की। जांच के दौरान पाया गया कि अभिनव सिंह ने अपने जीजा डा.राजीव गुप्ता की एमबीबीएस एवं एमडी की डिग्री को कूटरचना कर अपने भौतिक व आर्थिक लाभ के लिए प्रयोग में लायी गयी और मेडीकल कॉलेज में कूटरचित एम.बी.बी.एस. व एम.डी. की डिग्री, आधार कार्ड लगाकर संविदा पर सीसीयू एण्ड कैंसर केयर यूनिट में विशेषज्ञ (कॉर्डियोलॉजिस्ट एण्ड जनरल मेडिसिन) पद पर नौकरी प्राप्त कर अनैतिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उक्त अभिनव सिंह द्वारा कई दस्तावेजों की कूटरचना की गयी है। इसके द्वारा हृदय रोग जैसे विशेषज्ञ कार्य को कोई डिग्री न होने व अनुभवहीन होने के बावजूद कई मरीजों के जीवन के साथ जानबूझकर खिलबाड़ किया गया है। इनके द्वारा डा.राजीव गुप्ता का क्षदम प्रतिरूपण किया गया। उप सीएमओ डा.आर.एन.सोनी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अभिनव सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 319 (2), 318 (4), 338, 336 (3), 336 (4), 340 (2) के तहत एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।
फर्जी डाक्टर हुआ गिरफ्तार
एसपी मो.मुश्ताक ने बताया कि अमेरिका में रहने वाले अपने बहनोई की एमबीबीएस व एमडी की डिग्रियों के कूटरचित दस्तावेज तैयार कर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय मेडीकल कॉलेज में कॉर्डियोलॉजिस्ट एवं जनरल मेडीसन विभाग में डाक्टर बनकर भौतिक व आर्थिक लाभ प्राप्त कर रहे अभिनव सिंह को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभिनव सिंह के पास से डीएमसी सर्टिफिकेट 01 वर्क, म.प्र.आयुर्विज्ञान परिषद से सम्बन्धित प्रपत्र 01 वर्क, आधार कार्ड राजीव गुप्ता छायाप्रति 01 वर्क, ई-आधार की छायाप्रति 01 वर्क, निर्वाचन प्रमाण पत्र की छायाप्रति-01 वर्क, वेस्ट बंगाल मेडीकल काउसिंल की छाया प्रति 02 वर्क, प्रैक्टिस से सम्बन्धित प्रपत्र की छायाप्रति 01 वर्क आदि बरामद किया गया है।
