नयी दिल्ली, 12 दिसंबर (वार्ता) केंद्र की आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने 2026 सीज़न के लिए नारियल के दोनों प्रकारों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में इजाफा कर दिया है। केंद्रीय अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। श्री वैष्णव ने बताया कि किसानों को लाभकारी मूल्य उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 2026 सीज़न के लिए नारियल गिरी मिलिंग ग्रेड के एमएसपी में 400 रुपये की और नारियल गोला के एमएसपी में 445 रुपये की बढ़ोत्तरी की गयी है। इस बढ़ोत्तरी के बाद नारियल गिरी मिलिंग ग्रेड का नया एमएसपी 12027 प्रति क्विंटल और नारियल गोला का नया एमएसपी 12500 प्रति क्विंटल हो गया है।
बढ़ा हुआ एमएसपी न केवल नारियल किसानों को बेहतर लाभकारी रिटर्न सुनिश्चित करेगा बल्कि किसानों को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नारियल उत्पादों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए भी प्रोत्साहित करेगा। वर्ष 2025 के लिए सरकार ने मिलिंग नारियल गिरी के लिए एमएसपी 11582/- प्रति क्विंटल और नारियल गोला का एमएसपी 12100/- प्रति क्विंटल तय किया था। गौरतलब है कि मिलिंग वाले नारियल (मिलिंग कोपरा) में नमी की मात्रा थोड़ी अधिक होती है और इसका उपयोग मुख्य रूप से फैक्ट्रियों में तेल निकालने के लिए होता है। नारियल गोला (बॉल कोपरा) में नमी बहुत कम होती है जो इसकी उच्च गुणवत्ता के कारण इसे लंबे तक खाने के योग्य बनाता है। बॉल कोपरा अक्सर खाने और पूजा के लिए उपयोग किया जाता है, जबकि मिलिंग कोपरा अनियमित आकार का होता है और व्यावसायिक तेल उत्पादन के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

