बैंकॉक, 12 दिसंबर (शिन्हुआ) थाईलैंड के राजा ने संसद के निचले सदन को भंग करने वाले एक शाही फरमान को मंजूरी दे दी है।
रॉयल गजट में शुक्रवार को प्रकाशित एक घोषणा में इसकी पुष्टि की गई, जिससे यहां अगले साल की शुरुआत में आम चुनाव का रास्ता साफ हो गया है।
प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविरकुल द्वारा हस्ताक्षरित इस शाही आदेश में उनकी सरकार की स्थिति को ‘अल्पमत सरकार’ बताते हुए इसे भंग करने का प्राथमिक कारण बताया गया है। इसमें कहा गया है, “वर्तमान प्रशासन ( जिसने सितंबर 2025 में पदभार संभाला था) कई दलों के एक गठबंधन से बना था जो प्रतिनिधि सभा में बहुमत हासिल करने में विफल रहा।”
शाही आदेश में यह भी कहा गया है कि राष्ट्र के सामने कई महत्वपूर्ण चुनौतियाँ हैं जिनके समाधान के लिए एक स्थिर सरकार की आवश्यकता है। अल्पमत प्रशासन के रूप में जारी रहने से राजनीतिक अस्थिरता का जोखिम है, जो देश की आर्थिक प्रणाली और अंतरराष्ट्रीय विश्वास को नुकसान पहुंचा सकता है। आदेश में कहा गया है, “उचित समाधान यह है कि एक नया आम चुनाव आयोजित करने के लिए प्रतिनिधि सभा को भंग कर दिया जाए… जिससे राजनीतिक निर्णय लेने की शक्ति लोगों को वापस मिल जाए।”
उल्लेखनीय है कि थाईलैंड के संविधान के तहत चुनाव आयोग को शाही फरमान की मंजूरी के 45 से 60 दिनों के भीतर आम चुनाव कराना अनिवार्य है।
