सलामतपुर: ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा सांची जनपद के ग्राम खोहा पहुंचे। यहां उन्होंने आम के पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से एक-एक कर पूछा कि उन्हें शासन की किन योजनाओं का लाभ मिल रहा है और कौन-सी योजनाओं का लाभ अब तक नहीं मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली।कलेक्टर विश्वकर्मा ने ग्रामीणों से कहा कि सरकार द्वारा युवाओं, किसानों और महिलाओं सहित हर वर्ग के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनका लाभ लेने के लिए लोगों को स्वयं आगे आना चाहिए और गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
इस दौरान गांव की मेधावी छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली मुस्कान सेन, श्रद्धा सेन, मुस्कान सेन और खुशी अहिरवार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं कम वजन वाले बच्चों को पोषण आहार किट वितरित की गईं।कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी, एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
