ऑटो चालक की लापरवाही बनी काल, ससुराल नहीं पहुंच पाया युवक

गुना। जिले में गुरुवार देर शाम एक भीषण हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक आटो युवक के लिए काल बनकर आया और मोटरसाइकिल पर सवार होकर ससुराल जा रहे युवक को आॅटो चालक की लापरवाही जानलेवा साबित हो गई।

जानकारी सामने आई है कि म्याना थाना क्षेत्र के ग्राम बिलोदा निवासी 25 वर्षीय लालजीराम पुत्र दयाराम बारेला गुरुवार शाम करीब 6 बजे अपने घर से सिरसी थाना अंतर्गत स्थित ग्राम तारापुर ससुराल जाने के लिए निकला था। लगभग एक घंटे बाद तारापुर के रास्ते पर जालमपुर फाटक और वन विभाग की चौकी के सामने आटो क्रमांक एमपी 08 आर 2592 ने लालजीराम की बाईक को टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि लालजीराम के सिर पर में गंभीर चोट आई, जिससे वह अचेत होकर गिर पड़ा। ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस मौके पर आई और घायल लालजीराम को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि आॅटो चालक दुर्घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। इस हादसे के बाद लालजीराम के 3 बच्चे अनाथ हो गए हैं। उसके पिता भी दिव्यांग बताए जाते हैं, जिनकी जिम्मेदारी लालजीराम पर थी। पूरा परिवार गमजदा है और आटो चालक की लापरवाही को कोस रहा है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और ग्रामीणों से मिले आॅटो नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।

Next Post

एलआईसी ऑफिस के पास 4 एंबुलेंस पर कार्रवाई, 3 के कटे चालान, एक एंबुलेंस पर लगा लॉक

Fri Dec 12 , 2025
छतरपुर। नगर में शुक्रवार दोपहर यातायात पुलिस ने LIC ऑफिस के पास नो-पार्किंग एरिया में खड़ी एंबुलेंसों पर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस एएसआई आर.के. पाठक ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई, जिसमें कुल 7 एंबुलेंस मौके पर खड़ी मिलीं। जांच के दौरान पुलिस ने […]

You May Like