नई दिल्ली, 12 दिसंबर, 2025: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के सत्य विहार क्षेत्र में स्थित एक नाइट क्लब में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद नाइट क्लब से गहरा धुआं उठता दिखा। यह घटना गोवा के नाइटक्लब हादसे के तुरंत बाद सामने आई है, जिससे लोगों में चिंता और बढ़ गई है। राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है।
इलाके में उठता धुआं इतना सघन था कि रसूलगढ़ से सत्य विहार तक फैल गया, जिससे वाहन चालकों की दृश्यता बेहद कम हो गई। सुबह ऑफिस टाइम होने के कारण हाईवे पर पहले ही ट्रैफिक का दबाव था, और धुएं के कारण नेशनल हाईवे पर भारी जाम लग गया। स्थानीय पुलिस को यातायात नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त टीम लगानी पड़ी।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग ने दो फायर टेंडर मौके पर भेजे। दमकलकर्मी तुरंत आग पर काबू पाने में जुट गए हैं। दमकल अधिकारियों के अनुसार, आग किस कारण लगी यह अभी साफ नहीं है। क्लब के इलेक्ट्रिकल सिस्टम या अन्य संभावित स्रोतों की भूमिका की जांच की जा रही है, जिसके बाद ही असली वजह सामने आएगी।

