
जावरा। समीपस्थ ग्राम भीमाखेड़ी में कालूखेड़ा रोड स्थित बालाजी मंदिर के आगे बनी एक झोंपड़ी में गुरुवार सुबह करीब पौने 12 बजे अचानक आग लग गई। झोंपड़ी में बंधी दो गायों और एक केड़ी में से केड़ी आग की लपटों में फंसकर मौके पर ही जल गई, जबकि एक गाय गंभीर रूप से झुलस गई। गौ रक्षा सेवा समिति के सदस्य घायल गाय को उपचार के लिए वाहन में लेकर गए। दूसरी गाय को मामूली चोट आई, जिसका प्राथमिक उपचार वेटेनरी डॉक्टरों ने मौके पर पहुंचकर किया। घटना की सूचना मिलते ही सरपंच प्रतिनिधि हरिनारायण मौर्य, पंचायत सचिव यशवंतसिंह डोडिया मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरु किया। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सरपंच प्रतिनिधि हरिनारायण मौर्य ने बताया कि फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचने से पहले ही भीमाखेड़ी फाटक के समीप खराब हो गई, जिससे समय पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद नगरपालिका ने पानी के टैंकर भेजे, लेकिन उससे पहले ही गांव के किशन माली ने अपने कुएं पर लगी मोटर चालू कर आग पर काबू पाया। आग बुझाने में सोनू माली, हरिनारायण मौर्य, दीपक सेन, मनीष पाटीदार, देवकरण धनोतिया और जयंत आदि ग्रामीणों युवाओ ने सहयोग दिया। पटवारी त्रिलोकचंद्र शर्मा मौके पर पहुंचे। पटवारी ने मृत केड़ी का पंचनामा तैयार किया।
