नयी दिल्ली, 10 दिसंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर हमलावर होते हुये संसद के शीत कालीन सत्र के बीच में विदेश जाने पर सवाल उठाते हुये देश के महत्वपूर्ण मुद्दों के समय गायब रहने का आरोप लगाया।
भाजपा प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में श्री गांधी पर आरोप लगाया कि ऐसा करना उनकी आदत में शामिल हो गया है।
श्री सिन्हा ने कहा कि पिछले 3 महीनों में श्री गांधी कई बार देश के बाहर उस समय गये जब उपराष्ट्रपति चुनाव होने के लिए राजनीतिक पार्टियां मंथन में जुटी थीं। उन्होंने कहा कि श्री गांधी संभवत: उस समय मलेशिया में थे। इससे पहले श्री गांधी बिहार चुनाव की घोषणा होने और दशहरा के समय दक्षिणी अमेरिका में थे।
श्री सिन्हा ने कहा कि नेता विपक्ष श्री गांधी के ऐसे समय गायब होने की जानकारी क्यों नहीं साझा की जाती है, क्या वह किसी आधिकारिक या अनाधिकारिक यात्रा पर जाते हैं। अगर ऐसा नहीं है तो इसकी जानकारी क्यों नहीं दी जाती है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि नेता विपक्ष देश से क्या छिपा रहे हैं।
श्री सिन्हा ने श्री गांधी पर तंज कसते हुये पूछा कि भारत की राजनीति में उनकी रुचि है या नहीं, क्या वह अपने सेवानिवृत्ति की योजना बनाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि श्री गांधी की हरकतों को देखकर आज नेता विपक्ष की जगह लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा बन गये हैं।
श्री सिन्हा ने मंगलवार को देश में माइक्रोसॉफ्ट द्वारा 17.5 अरब डॉलर निवेश और अमेजन द्वारा 35 अरब डॉलर निवेश की घोषणा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एआई के विजन पर मुहर लगाने की बात कही।
श्री सिन्हा ने कहा कि वर्तमान में एआई का भारतीय बाजार 30 अरब डॉलर का है, इसके विकास को देखते हुये अनुमान है कि अगले 10 वर्षों में 300 अरब डॉलर का होने का अनुमान है।
इस अवसर पर श्री सिन्हा ने महाराष्ट्र सरकार के एक साल पूरे होने पर भारत की विकसित यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका पर निभाने और विदेशी निवेश में अकेले महाराष्ट्र 40 फीसदी एफडीआई की जानकारी दी।
उन्होंने देवेंद्र फड़णवीस के नेतृत्व वाली सरकार को डबल इंजन सरकार का उत्कृष्ट उदाहरण भी बताया।
