बैंकॉक, 08 दिसंबर (वार्ता) थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने सोमवार को कहा कि कंबोडिया के साथ सीमा पर चल रही झड़पों के जवाब में थाईलैंड राष्ट्रीय संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए “आत्मरक्षा के अपने वैध अधिकार” का इस्तेमाल करेगा।
श्री चर्नविराकुल ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के एक प्रस्ताव के बाद टेलीविज़न पर दिये गये संबोधन में कहा कि सभी मामलों में स्थिति के अनुसार सैन्य अभियान चलाये जायेंगे। इसमें सावधानी बरती जायेगी और मानवीय सिद्धांतों का पालन किया जायेगा।
सरकार ने अस्थायी आश्रयों में निकाले गये नागरिकों को तत्काल सहायता देने का भी आदेश दिया है। सभी एजेंसियों को भोजन, चिकित्सा देखभाल और ज़रूरी कल्याणकारी सुविधायें प्रदान करने का निर्देश दिया है।
यह संबोधन थाई-कंबोडिया सीमा पर रविवार को शुरू हुई हिंसा के बाद आया है। थाई सेना के अनुसार, इसमें पहले ही एक थाई सैनिक की जान चली गयी है और आठ अन्य घायल हो गये हैं।
इस बीच, थाईलैंड ने कंबोडिया सीमा से सटे अपने चार प्रांतों की नागरिक आबादी को सुरक्षित जगह पर पहुंचा दिया है। थाईलैंड के दूसरे सेना क्षेत्र ने एक बयान में कहा कि सोमवार को स्थानीय समयानुसार सुबह छह बजे तक 35,623 लोगों को अस्थायी आश्रयों में जगह दी गयी थी। बयान में कहा गया कि बाकी लोग या तो अपने रिश्तेदारों के यहां रह रहे हैं, या अब भी रास्ते में ही हैं।
सेना ने बताया कि सीमा से निकासी के वक्त एक शख्स की मौत भी हो गयी, जो पहले से बीमार था।
