नयी दिल्ली, 08 दिसंबर, 2025: निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो की फ्लाइटों के परिचालन में रुकावट छठे दिन भी जारी रही। सोमवार को हवाई अड्डों पर 450 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। अकेले दिल्ली एयरपोर्ट पर आज 134 फ्लाइट रद्द की गईं, जबकि बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 127 उड़ानें रद्द हुईं। मुंबई और कोलकाता समेत अन्य प्रमुख हवाई अड्डों पर भी भारी अव्यवस्था दिखी, जिससे बड़े शहरों में कई यात्री फंसे रहे।
एयरलाइन को उम्मीद है कि 10 दिसंबर तक ऑपरेशन ठीक होगा। मौजूदा संकट के बीच, सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने बताया है कि इंडिगो की फ्लाइट में रुकावट के बाद ₹610 करोड़ रुपये का रिफंड प्रोसेस किया जा चुका है। एयरलाइन ने दिन के आखिर तक 1,650 से ज़्यादा फ्लाइट ऑपरेट करने का प्लान बताया है और यात्रियों को पूरा रिफंड देने का भरोसा दिलाया है।
इंडिगो की हजारों उड़ानें रद्द होने से मचे हाहाकार के बीच मामला अब दिल्ली हाईकोर्ट पहुँच गया है। एक जनहित याचिका दायर कर केंद्र सरकार और इंडिगो से संकट से प्रभावित यात्रियों को तत्काल सहायता, पूरा रिफंड और उचित मुआवजा देने की मांग की गई है। याचिका में भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए स्थायी दिशा-निर्देश जारी करने की मांग भी की गई है, जिस पर 10 दिसंबर को सुनवाई होगी।

