सतना:इस बार समय से पहले शुरु हुई कड़ाके की ठंड पिछले महीने भर से लोगों को हलाकान करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है. पिछले 3 दिनों से इकाई में दर्ज हो रहे न्यूनतम तापमान के चलते जहां रात से लेकर सुबह तक हाड़ कंपाऊ जाड़े ने मुश्किलें बढ़ाई हुइ हैं. वहीं अब बादलों की चहलकदमी के साथ चलने वाली हवाओं ने दिन की धूप को भी बेअसर करना शुरु कर दिया है.
मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को शहर में दिन का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दिन का यह तापमान एक ओर जहां पिछले दिन की तुलना में आधा डिग्री कम आंका गया. वहीं दूसरी ओर यह सामान्य की तुलना में 1.5 डिग्री नीचे चला गया. हलांकि पिछले दिनों की तरह रविवार की सुबह भी धूप खिली हुई थी. लेकिन दोपहर होते-होते इसमें उस वक्त खल पड़ता नजर आया जब हवाओं की गति बढऩे के साथ ही बादलों की चहलकदमी शुरु हो गई.
बादलों की चहलकदमी और हवाओं की तेज हुई गति का नतीजा यह हुआ कि कड़ाके की ठंड से राहत देने वाली धूप और उसकी गर्माहट भी धुंधली हो गई. जिसके चलते दिन के समय भी लोगों को जाड़े से कम ही राहत मिलती नजर आई. गौरतलब है कि शनिवार को इस मौसम में अब तक सबसे निचले स्तर पर न्यनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस के तौर पर दर्ज किया गया था. लेकिन शनिवार की तुलना में रविवार को न्यूनतम तापमान में कुछ इजाफा हुआ और यह 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
लेकिन इसके बावजूद भी यह सामान्य की तुलना में 1.8 डिग्री सेल्सियस कम ही आंका गया. मौसम विभाग के अनुसार विक्षोभ और टर्फ लाइन की वजह से बादलों की आवाजाही शुरु हुई है. जिसके चलते दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है. लेकिन अगले 3-4 दिनों तक किसी तरह के मौसमी फेरबदल की उम्मीद काफी कम ही नजर आ रही है. यानी अगले सिस्टम की सक्रियता तक कड़ाके की ठंड का असर जारी रहने वाला है
