सतना : जिले के मझगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत देवलहा में तीन दिन पहले चाकू मार कर हत्या किए जाने की घटना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इस मामले में शामिल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गुरुवार को ही दबोच लिया था.मझगवां के ग्राम देवलहा में 9 सितंबर की शाम गुड्डा मवासी नामक व्यक्ति की चाकू मार कर हत्या किए जाने की घटना सामने आई थी.
मृतक की पत्नी पूनम मवासी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी थी. पुलिस द्वारा की जा रही तलाया के दौरान यह जानकारी सामने आई कि संदिग्ध मोटरसाइकिल से 3 लोगों को मझगवां की ओर जाते देखा गया है. जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा साइबर सेल की मदद ली गई.
प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने गुरुवार को पिण्डरा बांध तालाब की मेड़ से आरोपी कंस कुमार मवासी 33 वर्ष और शिवशंकर मवासी 34 वर्ष दोनों निवासी मडुलहाई बरौंधा को मोटरसाइकिल समेत गिरफ्तार कर लिया था. इसके साथ ही मुख्य आरोपी की तलाश सरगर्मी से की जा रही थी. वहीं मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी रामनरेश मवासी उम्र 27 वर्ष निवासी हरदीकोठार को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया.
गलत थी नियत
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी रामनरेश मवासी ने बताया कि मृतक गुड्डा मवासी उसका साढू था. लेकिन उसकी पत्नी के साथ गुड्डा मवासी गलत नियत रखता था. इसके साथ ही गुड्डा मवासी ने उससे पैसे उधार लिए थे. जिन्हें वह लौटा नहीं रहा था. जिसे देखते हुए उसने चाकू घोंपकर गुड्डा की हत्या कर दी.
