
रीवा। रीवा के मनगवां तहसील के अन्तर्गत रघुराजगढ़ गांव में राजस्व टीम पर बुधवार की शाम हमला बोल दिया. इस दौरान महिला पटवारी सहित चार लोगो को एक कमरे में बंधक बना लिया गया. घटना की सूचना मिलते ही मनगवां एसडीएम, तहसीलदार और पुलिसबल मौके पर पहुंचा. सीएम हेल्पलाइन के निराकरण को लेकर राजस्व दल गांव पहुंचा था. जहा पूर्व के हल्का पटवारी को देखते ही शिकायतकर्ता भडक़ उठा और मारपीट शुरू कर दी.
घटना की जानकारी मिलते ही मौके में एसडीएम संजय जैन व तहसीलदार आँचल अग्रहरि राजस्व टीम के साथ मौके मे पहुंचे. इस बीच बंधक बनाए गए चारों लोगों को मुक्त कर कराया. घटना की जानकारी देते हुए मनगवां एसडीएम संजय जैन ने बताया की कलेक्टर के निर्देशानुसार सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरण का कार्य अभियान के तहत किया जा रहा है. जिसको लेकर आज एक राजस्व दल जिसमें आरआई सोने प्रजापति व पटवारी कौशल कोल अक्षय मिश्रा व महिला पटवारी शैली बोदचे को भेजा गया था. जहा सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करने वाले शिकायतकर्ता कर्णध्वज सिंह ने दल के साथ बहसबाजी शुरू कर दी. उनका आरोप था कि कई बार शिकायत करने के बाद भी निराकरण नही किया जा रहा है. कर्णध्वज सिंह का घर गिर गया था और सहायता राशि के लिये आवेदन किया, लेकिन कोई राशि नही मिली. जिसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन में की थी. मौका मुआयना करने पहुंचे दल पर कर्णध्वज सिंह और उनके पिता वरूण सिंह सहित अन्य लोगो ने बंधक बनाकर हमला कर दिया. आरोप है कि महिला पटवारी से छेडख़ानी करते हुए मारपीट की गई. वहीं इस घटना के बाद बड़ी संख्या मे मनगवॉ तहसील के पटवारी व अन्य कर्मचारी थाना पहुंचे. मनगवां पुलिस ने पीडि़तो का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है. फिलहाल आरोपी फरार बताये गये है.
